जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने एमजीएम अस्पताल में कार्यरत होमगार्ड जवानों का पिछले पांच माह का बकाया वेतन भुगतान सुनिश्चित होने पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय का आभार व्यक्त किया है।
यहां जारी एक बयान में उन्होंने कहा कि आर्थिक संकट से जूझ रहे होमगार्ड जवानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने जिस तत्परता से पहल की, वह सराहनीय है।
सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि लगातार पांच महीने तक वेतन नहीं मिलने से होमगार्ड जवानों और उनके परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक कठिनाइयां उत्पन्न हो गई थीं। ऐसे समय में विधायक सरयू राय ने उनकी पीड़ा को समझा, सरकार के समक्ष मजबूती से मामला उठाया और बकाया वेतन के भुगतान का मार्ग प्रशस्त कराया। इसके लिए वे धन्यवाद के पात्र हैं।
उन्होंने कहा कि सरयू राय का यह कदम बताता है कि वे केवल आश्वासन देने में नहीं, बल्कि उसे पूरा कराने में भी विश्वास रखते हैं।
सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि अल्प वेतनभोगी और जरूरतमंद वर्गों के हितों की रक्षा के लिए उनका यह प्रयास उनकी कार्यशैली और जनप्रतिबद्धता का प्रमाण है।
जदयू नेता ने कहा कि इस पहल से गरीब एवं निम्न आय वर्ग के कर्मचारियों के बीच विधायक सरयू राय की विश्वसनीयता और मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा कि आम लोगों के बीच यह संदेश गया है कि सरयू राय वही कहते हैं, जिसे पूरा करने का संकल्प और क्षमता दोनों रखते हैं।
जमशेदपुर महानगर जिला जदयू के अध्यक्ष अजय कुमार ने भी विधायक सरयू राय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि होमगार्ड जवानों के बकाया वेतन का भुगतान सुनिश्चित कराना मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा कदम है, जिससे अनेक परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।






