हाटगम्हरिया में युवक हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, देशी पिस्टल व जिंदा कारतूस बरामद

चाईबासा: सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी ने शनिवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के जयपुर गांव में हुए शंकर लागुरी हत्याकांड का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक फायर बुलेट का पिलेट और एक आईटेल कंपनी का कीपैड मोबाइल बरामद किया है।

बहामन टूटी ने बताया कि 13 जुलाई 2026 को सूचना मिली थी कि जयपुर गांव निवासी मुंडा लागुरी के बेटे शंकर लागुरी को उसके छोटे भाई महेन्द्र लागुरी और चचेरे भाई विजय लागुरी ने गोली मार दी है। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पहुंची, जहां शंकर लागुरी गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसे पहले कुमारकुंगी अस्पताल, फिर सदर अस्पताल चाईबासा और बाद में बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

मृतक की पत्नी के लिखित आवेदन पर हाटगम्हरिया थाना में कांड संख्या 18/2026 दर्ज किया गया। मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27/35 के तहत दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जगन्नाथपुर रफाएल मुर्मू के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने 17 जुलाई को विजय लागुरी (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक फायर बुलेट का पिलेट बरामद किया गया। इसके बाद 18 जुलाई को महेन्द्र लागुरी (20 वर्ष) को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने पूछताछ में घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शंकर लागुरी ने दूसरी जाति की युवती से प्रेम विवाह किया था, जिसके कारण परिवार में अक्सर विवाद होता था। इसके अलावा जमीन के मुआवजे की राशि के बंटवारे को लेकर भी दोनों आरोपी शंकर लागुरी से नाराज थे। पुलिस का मानना है कि इन्हीं कारणों से हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।

बरामद सामान में एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस,
एक फायर बुलेट का पिलेट, एक आईटेल कंपनी का नीले रंग का कीपैड मोबाइल

छापामारी दल में शामिल अधिकारी

रफाएल मुर्मू, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जगन्नाथपुर, उत्तम तिवारी, थाना प्रभारी, हाटगम्हरिया, किशुन दास, पुलिस अवर निरीक्षक, सत्यलाल राम, सहायक अवर निरीक्षक, सुकलाल टुड्डू, सहायक अवर निरीक्षक, यदूनंदन महतो, सहायक अवर निरीक्षक, हाटगम्हरिया थाना का सशस्त्र बल थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए न्यायालय भेज दिया है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई