IRCTC की पुरानी वेबसाइट भूल जाइए… नए पोर्टल में हुए ये 4 बड़े बदलाव, अब ऐसे बुक होगा टिकट

नई दिल्ली: भारतीय रेलवे की टिकट बुकिंग वेबसाइट, आईआरसीटीसी (IRCTC) का नया और आसान रूप (Beta वर्जन) लाइव हो गया है. 2002 में शुरू होने के बाद, पिछले 24 सालों में इस वेबसाइट में यह सबसे बड़ा बदलाव है. रेल मंत्रालय के अनुसार, इस नए पोर्टल को आम जनता के लिए खोल दिया गया है ताकि लोग इसे इस्तेमाल करें और अपना सुझाव दें. कुछ ही हफ्तों में इसे पूरी तरह लागू कर दिया जाएगा.

यात्री मौजूदा आईआरसीटीसी वेबसाइट के मुख्य पेज पर दिए गए लिंक पर क्लिक करके इस नई व्यवस्था को देख सकते हैं. रेलवे अपनी डिजिटल प्रणाली को आधुनिक और यात्रियों के लिए आसान बनाने की लगातार कोशिश कर रही है, यह नया बदलाव उसी का एक हिस्सा है.

रेल मंत्री की पहल और छात्रों का योगदान
मंत्रालय ने बताया कि इस बदलाव की शुरुआत मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT) के छात्रों के सुझावों से हुई. इन छात्रों ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिलकर वेबसाइट को सरल बनाने के उपाय बताए थे. सरकार ने इन छात्रों को डिजाइन टीम के साथ जोड़ा और उनके बेहतरीन सुझावों को इस नई वेबसाइट में शामिल किया.

नई वेबसाइट में क्या-क्या बदला है?
रोजाना करीब 14.5 लाख टिकटों की बुकिंग संभालने वाली इस वेबसाइट को अब बहुत सरल और साफ-सुथरा बनाया गया है. इसके मुख्य आकर्षण इस प्रकार हैं:

विज्ञापनों और कैप्चा (Captcha) से मुक्ति: टिकट बुक करते समय अब फालतू के पॉप-अप विज्ञापन और बार-बार आने वाले कैप्चा कोड परेशान नहीं करेंगे.
एक साथ सीटों की जानकारी: अब स्लीपर, थर्ड एसी या सेकेंड एसी की सीटें देखने के लिए अलग-अलग क्लिक नहीं करना होगा. सभी क्लास की सीटें एक ही स्क्रीन पर एक साथ दिखेंगी.
तेज बुकिंग प्रक्रिया: टिकट फाइनल करने के लिए अब बहुत कम पेज पार करने होंगे, जिससे बुकिंग का समय बचेगा.
प्रोफाइल से तुरंत बुकिंग: यात्रियों के नाम पहले से सेव होने के कारण बार-बार यात्रा करने वालों को हर बार फॉर्म भरने की जरूरत नहीं होगी.
कब से काम करेगी पूरी व्यवस्था?
अभी इस वेबसाइट को केवल जांच के लिए शुरू किया गया है ताकि लोगों के अनुभव के आधार पर इसमें और सुधार किए जा सकें. इसके साथ ही, बैकएंड में चलने वाले पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन (PRS) को भी अपग्रेड किया जा रहा है. रेलवे का कहना है कि बिना रोज की टिकट बुकिंग को रोके, इस पूरे सिस्टम को सुधारा जा रहा है. अगले कुछ हफ्तों में यह नई और तेज वेबसाइट स्थायी रूप से चालू हो जाएगी.

 

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई