जमशेदपुर में ब्राउन शुगर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, महिला, बेटा और नाबालिग गिरफ्तार
जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के ह्यूमपाइप स्थित इन्द्रानगर में पुलिस ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला, उसके बेटे और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 38 पुड़िया ब्राउन शुगर (कुल वजन 4.32 ग्राम) तथा नशीले पदार्थों की बिक्री से जुड़े 4,820 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले का खुलासा सोमवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस वार्ता में किया।
सिटी एसपी ने बताया कि रविवार शाम पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इन्द्रानगर निवासी भारती कैबर्तो अपने घर से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री का अवैध कारोबार संचालित कर रही है। सूचना का सत्यापन कराने पर मामला सही पाया गया। इसके बाद सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से भारती कैबर्तो के घर पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 40 वर्षीय भारती कैबर्तो, उसका 22 वर्षीय बेटा विशाल कैबर्तो तथा एक नाबालिग को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने 38 पुड़िया ब्राउन शुगर और बिक्री से प्राप्त 4,820 रुपये नकद बरामद कर जब्त कर लिया।
प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ने बताया कि भारती कैबर्तो पुलिस रिकॉर्ड में पहले से ही पेशेवर ड्रग्स पेडलर के रूप में दर्ज है। उसके खिलाफ सीतारामडेरा, जुगसलाई और सोनारी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत छह मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं उसके बेटे विशाल कैबर्तो के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। सिटी एसपी ने कहा कि शहर में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे धंधे में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
इस छापेमारी अभियान में दंडाधिकारी के रूप में कनीय अभियंता उमाशंकर के अलावा सीतारामडेरा थाना के कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।






