चलती ट्रेन से गिरकर वृद्ध महिला गंभीर रूप से घायल, बेहतर इलाज के लिए रेफर
मनोहरपुर, 12 जुलाई: चक्रधरपुर रेलखंड के हावड़ा–मुंबई मुख्य रेलमार्ग पर शनिवार देर रात मनोहरपुर और जराईकेला स्टेशन के बीच रायकापाट के समीप पोल संख्या 379/20 के पास एक वृद्ध महिला ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
रविवार सुबह पेट्रोलिंग के दौरान रेलवे के कीमैन की नजर रेल पटरी के किनारे घायल अवस्था में पड़ी महिला पर पड़ी। इसके बाद उन्होंने तत्काल मनोहरपुर स्टेशन मास्टर को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर, आरपीएफ, सीआरपीएफ तथा जराईकेला थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को सीआरपीएफ की एंबुलेंस से मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। सुबह करीब आठ बजे अस्पताल में भर्ती कराने के बाद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया तथा गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया।

परिजनों के अनुसार घायल महिला की पहचान चक्रधरपुर प्रखंड के जारिका गांव (पोस्ट–केरा) निवासी सुमती देवी के रूप में हुई है। बताया गया कि वह रायगढ़ में पूजा-अर्चना कर इतवारी–चक्रधरपुर ट्रेन से अपने गांव लौट रही थीं। यात्रा के दौरान वह शौचालय जाने के लिए अपनी सीट से उठी थीं, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटीं। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान वह चलती ट्रेन से गिर गईं।
फिलहाल घटना की सूचना संबंधित परिजनों को दे दी गई है। पुलिस एवं रेलवे सुरक्षा बल मामले की जांच में जुटे हैं।






