जिला जनसंपर्क कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर
प्रेस विज्ञप्ति 439/2026
03 जुलाई 2026
उपायुक्त ने गुड़ाबांदा प्रखंड स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
उपायुक्त श्री राजीव रंजन ने गुड़ाबांदा प्रखंड स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, मरीजों को प्रदान की जा रही उपचार सेवाओं, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति, एम्बुलेंस सुविधा तथा अन्य आधारभूत व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।
उपायुक्त ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर में उपलब्ध औषधियों के स्टॉक का निरीक्षण करते हुए आवश्यक जीवनरक्षक एवं नियमित उपयोग की दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में मरीजों को आवश्यक दवाओं के अभाव का सामना नहीं करना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, मरीजों के पंजीकरण, उपचार की गुणवत्ता एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से मरीजों के प्रति संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर बल दिया तथा नियमित रूप से स्वास्थ्य केंद्र की साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं का संधारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने एम्बुलेंस सुविधा की भी समीक्षा करते हुए कहा कि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर रेफरल एवं परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को एम्बुलेंस की सतत उपलब्धता एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर में उपलब्ध सभी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे तथा मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर बीडीओ गुडाबांदा, स्वास्थ्य विभाग के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
#Team PRD (East Singhbhum)





