पोटका में ब्रेन मलेरिया से चार बच्चों की मौत पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने जताया गहरा दुख, अस्पताल पहुंचकर मरीजों का जाना हाल

जमशेदपुर

पोटका में ब्रेन मलेरिया से चार बच्चों की मौत पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने जताया गहरा दुख, अस्पताल पहुंचकर मरीजों का जाना हाल

जमशेदपुर: पोटका प्रखंड में चार दिनों के भीतर ब्रेन मलेरिया से चार आदिवासी बच्चों की मौत के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने गहरा दुख व्यक्त किया है। गुरुवार को उन्होंने जमशेदपुर के सदर अस्पताल पहुंचकर ब्रेन मलेरिया से पीड़ित मरीजों का हालचाल जाना तथा उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

अस्पताल में अर्जुन मुंडा ने चिकित्सकों से मरीजों के स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली और सभी मरीजों को बेहतर एवं समय पर उपचार उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से बीमार मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि पोटका में ब्रेन मलेरिया से चार मासूम बच्चों की मौत बेहद दुखद, पीड़ादायक और चिंताजनक है। इस तरह की घटनाएं स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती हैं। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन को युद्धस्तर पर रोकथाम एवं उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने प्रभावित गांवों में व्यापक स्तर पर मलेरिया जांच अभियान चलाने, आवश्यक दवाओं का वितरण, मच्छरों की रोकथाम के लिए फॉगिंग एवं अन्य नियंत्रण उपायों को तेज करने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को मलेरिया के लक्षण, बचाव और समय पर इलाज के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता बताई।

उन्होंने कहा कि किसी भी मरीज को इलाज के अभाव में अपनी जान नहीं गंवानी पड़े, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित क्षेत्रों में विशेष मेडिकल टीम तैनात कर लगातार निगरानी रखनी चाहिए, ताकि बीमारी पर जल्द से जल्द नियंत्रण पाया जा सके।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई