उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई सीएसआर संबंधी बैठक, जनहित के कार्यों में सीएसआर फंड का समन्वित एवं प्रभावी उपयोग पर दिया गया बल

जिला जनसंपर्क कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर
प्रेस विज्ञप्ति 431/2026
29 जून 2026

उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई सीएसआर संबंधी बैठक, जनहित के कार्यों में सीएसआर फंड का समन्वित एवं प्रभावी उपयोग पर दिया गया बल

सीएसआर गतिविधियों का गत वर्ष का प्रतिवेदन एवं चालू वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना एक सप्ताह में उपलब्ध कराने का दिया गया निर्देश

समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्री राजीव रंजन की अध्यक्षता में कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त श्री नागेंद्र पासवान, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) सहित विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में विषय प्रवेश कराते हुए उप विकास आयुक्त ने कहा कि विभिन्न कंपनियां अपने स्तर पर सीएसआर गतिविधियां संचालित करती हैं, किन्तु इसकी जानकारी जिला स्तरीय समिति को नहीं मिल पाती। उन्होंने कहा कि सीएसआर फंड के उपयोग को लेकर राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों में स्पष्ट उल्लेख है कि जिला प्रशासन द्वारा गठित जिला स्तरीय समिति के अनुमोदन के उपरांत ही सीएसआर गतिविधियों का क्रियान्वयन किया जाना है। उप विकास आयुक्त ने जानकारी दी कि अब तक यूसीआईएल, एचसीएल एवं बैंक ऑफ इंडिया द्वारा ही जिला प्रशासन को सीएसआर मद में राशि उपलब्ध कराई गई है अथवा प्रस्तावित परियोजनाओं के लिए जिला स्तरीय समिति से अनुमोदन प्राप्त किया गया है।

उपायुक्त ने कहा कि बैठक का उद्देश्य कंपनियों के सीएसआर कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित करना, किसी भी प्रकार के दोहराव को रोकना तथा उपलब्ध संसाधनों का व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से जनहित के कार्यों में उपयोग सुनिश्चित करना है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।

उपायुक्त ने सभी कंपनी प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि विगत वित्तीय वर्ष के दौरान उनके द्वारा संचालित सभी सीएसआर गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन एक सप्ताह के भीतर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं। साथ ही चालू वित्तीय वर्ष में प्रस्तावित सीएसआर गतिविधियों की कार्ययोजना भी जिला स्तरीय समिति के समक्ष अनुमोदन हेतु प्रस्तुत करें।

बैठक में जिला प्रशासन की ओर से वर्तमान में जिले की विभिन्न प्राथमिक आवश्यकताओं एवं क्रिटिकल गैप की जानकारी साझा करते हुए कंपनियों से सहयोग का आग्रह किया गया। इस दौरान बालिका आवासीय विद्यालयों में सैनिटरी नैपकिन डिस्पेंसर मशीन की स्थापना, स्वास्थ्य केंद्रों एवं उप स्वास्थ्य केंद्रों में वाटर एटीएम की व्यवस्था, मेडिकेटेड मच्छरदानियों का वितरण, सबर टोला क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं सहित समग्र विकास, मुक्ति वाहन की उपलब्धता, विद्यालयों के लिए बेंच-डेस्क, दिव्यांगजनों हेतु इलेक्ट्रिक ट्राई साइकिल, आवासीय विद्यालयों में खेल सुविधाओं का विकास तथा समाहरणालय परिसर में दीदी कैफे के लिए आधारभूत संरचना निर्माण सहित अन्य जनहितकारी प्रस्तावों पर कंपनियों से सहयोग की बात कही गई।
बैठक में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर सीएसआर गतिविधियों को अधिक प्रभावी एवं जनकल्याणकारी बनाने की दिशा में सहयोग का आश्वासन दिया।

#Team PRD (East Singhbhum)

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई