पोटका में ब्रेन मलेरिया का बढ़ता कहर, 9 माह की बच्ची समेत 9 नए मरीज; केजीबीवी की तीन छात्राएं संक्रमित
पोटका: पोटका प्रखंड में ब्रेन मलेरिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को 9 माह की एक सबर बच्ची समेत कुल 9 नए मरीजों में ब्रेन मलेरिया की पुष्टि होने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता और बढ़ गई है। नए संक्रमितों में पीएमश्री कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय (केजीबीवी) पोटका की तीन छात्राएं भी शामिल हैं।
बताया गया कि एक दिन पहले ही केजीबीवी की छात्रा लख्खी सरदार तथा हितबासा निवासी राहुल सरदार की ब्रेन मलेरिया से मौत हो चुकी है। इसके बाद शुक्रवार को बुखार की शिकायत पर केजीबीवी की छात्राएं प्रियंका महाकुड़ (कक्षा 10), लक्ष्मी टुडू (कक्षा 6) और सुकुरमुनी भूमिज (कक्षा 8) की जांच कराई गई, जिसमें तीनों में ब्रेन मलेरिया की पुष्टि हुई। इसके अलावा प्रियंका महाकुड़ की मां सलमा महाकुड़ भी संक्रमित पाई गईं।
वहीं चांदपुर निवासी संप्रिया सिंह और उनकी बेटी कार्तिक सिंह की जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। दूसरी ओर पिटीदिरी गांव के एम सबर, मिंकी सबर और 9 माह की एक बच्ची की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी और जांच अभियान चलाया जा रहा है। सानग्राम गांव में लगाए गए विशेष स्वास्थ्य शिविर में 68 लोगों की जांच की गई, हालांकि वहां कोई नया मरीज नहीं मिला।

सीएचसी पोटका की प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रजनी महाकुड़ ने लोगों से मच्छरदानी का नियमित उपयोग करने, घरों के आसपास जलजमाव नहीं होने देने और बुखार आने पर तुरंत जांच कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और उपचार से ब्रेन मलेरिया के गंभीर परिणामों से बचा जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग प्रभावित इलाकों में विशेष निगरानी और जागरूकता अभियान भी चला रहा है।






