आदित्यपुर में भाजपा ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित किया
आर्टिकल 370 को हटा कर केंद्र सरकार ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को दी सच्ची श्रद्धांजलि : चम्पाई सोरेन
जमशेदपुर। आज आदित्यपुर के स्वर्णरेखा गेस्ट हाउस में भाजपा आदित्यपुर मंडल के तत्वावधान में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस मनाया गया, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री सह स्थानीय विधायक चम्पाई सोरेन, आदित्यपुर नगर निगम के महापौर संजय सरदार एवं भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की तस्वीर पर श्रद्धा-सुमन अर्पित कर हुई, तत्पश्चात अतिथियों ने उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने कहा – “जम्मू कश्मीर के विशेष दर्जे और आर्टिकल 370 के खिलाफ उन्होंने कहा था कि एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे। इसी मुद्दे पर उन्होंने तत्कालीन कांग्रेस सरकार का विरोध भी किया। उनके इस सपने को आजादी के सात दशकों बाद, भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने पूरा किया, जब 5 अगस्त 2019 को गृह मंत्री श्री अमित शाह जी ने संसद में आर्टिकल 370 को हटाने का ऐलान किया और 6 अगस्त 2019 को राष्ट्रपति ने आदेश जारी किया।”
उन्होंने डॉ. मुखर्जी को राष्ट्रवाद, त्याग, साहस और सिद्धांतों की राजनीति का प्रतीक बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन का हर एक पल भारत की एकता, अखंडता और स्वाभिमान के लिए समर्पित किया।
उनके योगदान को याद करते हुए पूर्व सीएम ने कहा कि साल 1947 में देश के विभाजन के समय मुस्लिम लीग पूरे बंगाल को पाकिस्तान में शामिल करना चाहती थी। डॉ. मुखर्जी ने इसका विरोध किया और हिंदू-बहुल क्षेत्रों को भारत में रखने के लिए बंगाल के विभाजन की मांग की। उनके प्रयासों से ही बंगाल के दो टुकड़े हुए और पश्चिम बंगाल भारत का हिस्सा बना।
पूर्व मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि भाजपा में हमलोग कहते हैं कि सबसे ऊपर राष्ट्र का हित, उसके बाद पार्टी, उसके बाद परिवार और सबसे अंत में अपने बारे में सोचना चाहिए। यही डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की सोच थी। उनके आदर्श एवं विचार आने वाली पीढ़ियों को युगों-युगों तक देशभक्ति की प्रेरणा देते रहेंगे।
इस कार्यक्रम में पूर्व उप-महापौर बॉबी सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष उदय सिंहदेव, पार्षद शांतनु घोष, मंडल अध्यक्ष गणेश कालिंदी, पूर्व मंडल अध्यक्ष देवेश महापात्र, रंजीत प्रधान, देवराज चाकी, गुरजीत सिंह, पवन महतो, बुबई शर्मा, अमन कुमार, भंबल दास समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं आम लोग उपस्थित थे।






