झारखंड राज्यसभा चुनाव 2026 : वोटिंग शुरू, शाम तक तय होगी तीन उम्मीदवारों की किस्मत
Ranchi : झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए गुरुवार सुबह 9 बजे से मतदान शुरू हो गया। झारखंड विधानसभा के कमरा नंबर 142 में बैलेट पेपर के जरिए वोट डाले जा रहे हैं। विधायक बारी-बारी से मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। मतदान शाम 4 बजे तक चलेगा, जबकि शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी। देर शाम तक चुनाव परिणाम आने की संभावना है।
विधानसभा में सुबह से हलचल

राज्यसभा चुनाव को लेकर विधानसभा परिसर में सुबह से ही हलचल देखने को मिली। सभी राजनीतिक दलों के विधायक तय समय पर विधानसभा पहुंचने लगे। मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण और निर्धारित प्रक्रिया के तहत कराया जा रहा है। मतदान केंद्र के बाहर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी भी विधानसभा पहुंचे। उन्होंने मीडिया से बातचीत में अपनी जीत का दावा करते हुए कहा कि उन्हें पर्याप्त समर्थन मिल रहा है और परिणाम उनके पक्ष में आएगा।
तीन उम्मीदवार मैदान में, दो सीटों पर मुकाबला
इस बार झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए तीन उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) ने बैद्यनाथ राम को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस की ओर से प्रणव झा मैदान में हैं, जबकि निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में परिमल नाथवानी चुनाव लड़ रहे हैं। इन तीनों उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला झारखंड विधानसभा के 81 विधायक करेंगे। मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जा रहा है।




