जमशेदपुर में ब्राउन शुगर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, दो तस्कर गिरफ्तार
जमशेदपुर: शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जुगसलाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने ब्राउन शुगर की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 24 पुड़िया ब्राउन शुगर और नकद राशि बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जुगसलाई थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक विशेष टीम का गठन किया था। टीम ने जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित नदी रेलवे पुल के ऊपर तथा उसके आसपास सड़क किनारे छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को पकड़कर उनकी तलाशी ली।

तलाशी के दौरान दोनों के पास से कुल 24 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. सरफराज और मो. शहबाज उर्फ मुन्ना के रूप में हुई है। दोनों जुगसलाई थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। बरामद मादक पदार्थ और नकद राशि को जब्त कर लिया गया है।
इस संबंध में जुगसलाई थाना में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





