डुमरिया के दामदी स्कूल टोला में वज्रपात से ट्रांसफार्मर फुंका, 30 परिवार अंधेरे में रहने को विवश।
डुमरिया:- पुर्वी सिहभूम जिले के डुमरिया प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत दामदी स्कूल टोला में आकाशीय बिजली (वज्रपात) का कहर देखने को मिला है। वज्रपात की चपेट में आने से यहां लगा 16 केवी का विद्युत ट्रांसफार्मर पूरी तरह जल गया है। ट्रांसफार्मर के जल जाने से गांव के करीब 30 परिवार पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी में अंधेरे में रहने को विवश हैं।
ग्रामीणों ने किया ट्रांसफार्मर के सामने विरोध प्रदर्शन।
बिजली आपूर्ति ठप होने और भीषण परेशानी से आक्रोशित ग्रामीणों ने जले हुए ट्रांसफार्मर के सामने खड़े होकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली न होने से उनके दैनिक कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं और बच्चों की पढ़ाई में भी भारी दिक्कत आ रही है।

मुखिया ने दिया जल्द समाधान का आश्वासन।
इस समस्या की सूचना ग्रामीणों ने खैरबनी पंचायत के मुखिया श्री सुरेंद्रनाथ हेंब्रम को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुखिया मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। मुखिया ने आश्वासन दिया है कि वे जल्द ही विद्युत विभाग के कनीय अभियंता (JE) से बात कर इलाके में नया ट्रांसफार्मर लगवाने की पहल करेंगे, ताकि ग्रामीणों को इस समस्या से निजात मिल सके।
मौके पर उकिल मुर्मू, अनिल मुन्डा, सिरू टुडू, दिलीप मार्डी, मिर्जा हाँसदा, सोनामुनी हाँसदा, मेघराई मुर्मू, पंचम हाँसदा, जितेन टुडू एवं भारी संख्या में ग्रामिणों उपस्थित थे।





