झारखंड में मानसून की सक्रियता बढ़ी, कांके में 86.4 मिमी बारिश दर्ज,19 जून तक बारिश-वज्रपात का येलो अलर्ट
रांची, 15 जून झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता बढ़ने लगी है, जिससे राज्य के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान रांची जिले के कांके क्षेत्र में सबसे अधिक 86.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि आगामी चार दिनों तक राज्य के विभिन्न जिलों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, 19 जून तक झारखंड के कई जिलों में गर्जन के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। इसे देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने तथा खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।

विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में राज्य का सर्वाधिक तापमान डाल्टनगंज में 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान लातेहार में 20.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मानसून के प्रवेश के बाद तापमान में कुछ गिरावट जरूर आई है, लेकिन जिन क्षेत्रों में पर्याप्त वर्षा नहीं हो रही है वहां गर्मी और उमस से लोगों को अभी भी राहत नहीं मिल रही है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि वातावरण में नमी बढ़ने और बादलों की आवाजाही के कारण उमस की स्थिति बनी हुई है। कई इलाकों में बादल छाने के बावजूद पर्याप्त बारिश नहीं होने से लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार सुबह मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद आंशिक रूप से बादल छाए रहे। विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में रांची सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में और वृद्धि हो सकती है।





