साकची बाजार में ट्रैफिक पुलिस का अतिक्रमण हटाओ अभियान, नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई
जमशेदपुर: शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्रों में शामिल साकची बाजार की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए गुरुवार को ट्रैफिक पुलिस ने विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण और नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान की शुरुआत साकची के स्ट्रेट माइल रोड और आसपास के बाजार क्षेत्र से की गई। पुलिस टीम ने सड़क किनारे लगाए गए अस्थायी ठेले, अवैध दुकानें और यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमणों को हटाया। साथ ही नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों पर भी कार्रवाई करते हुए चालान काटे गए तथा कई वाहनों को हटवाया गया।
कार्रवाई के दौरान बाजार क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। अचानक शुरू हुए अभियान से अतिक्रमण कर व्यवसाय चला रहे लोगों और नियमों का उल्लंघन कर वाहन खड़ा करने वालों में हड़कंप मच गया। हालांकि अभियान के बाद सड़कें पहले की तुलना में चौड़ी और साफ नजर आईं, जिससे यातायात व्यवस्था में काफी सुधार देखने को मिला।
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साकची बाजार में लगातार बढ़ते अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण लोगों को रोजाना जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया गया है।
नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर सख्त कार्रवाई
अभियान के तहत सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों को चिन्हित कर उनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बाजार क्षेत्र में यातायात बाधित करने वाले वाहनों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कई वाहन चालकों को मौके पर ही चेतावनी दी गई, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना भी लगाया गया।
“नियम सबके लिए समान हैं” : ट्रैफिक डीएसपी
अभियान के संबंध में जानकारी देते हुए ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार ने कहा कि यातायात नियम सभी के लिए समान हैं। चाहे आम नागरिक हो, दुकानदार हो या कोई अन्य व्यक्ति, सड़क पर अतिक्रमण और नो पार्किंग में वाहन खड़ा करना स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि साकची समेत शहर के अन्य व्यस्त बाजार क्षेत्रों में भी इसी तरह का अभियान लगातार चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और लोगों को जाम की समस्या से राहत दिलाना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और सड़क पर अतिक्रमण न करें, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई नियमित रूप से जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।






