देवघर से एपीके फाइल डेवलपर गिरफ्तार, धनबाद के डॉक्टर से साइबर ठगी का आरोप
देवघर : धनबाद साइबर पुलिस ने देवघर के कुंडा से एक कथित एपीके फाइल डेवलपर और बैंक खाते से अवैध निकासी करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। उस पर धनबाद के एक डॉक्टर से छह से सात लाख रुपये साइबर ठगी करने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुंडा के दोनीहरी दास टोला निवासी अमित कुमार दास के रूप में हुई है।
पीड़ित डॉक्टर महाराष्ट्र के एक आईपीएस अधिकारी के भी रिश्तेदार है। आरोपी की तलाश में धनबाद साइबर थाना की पुलिस पिछले तीन दिनों से देवघर में कैंप कर रही थी। सोमवार की शाम में कुंडा थाना पुलिस और तकनीकी शाखा की सहायता से आरोपी को दबोचा गया। हालांकि मामले में अब तक धनबाद साइबर थाना पुलिस और देवघर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। आरोपी अमित एपीके फाइल डेवलप करने के साथ-साथ बैंक खातों से अवैध निकासी का भी काम करता था। डॉक्टर से छह से सात लाख रुपये की ठगी हुई थी।







