15 जून से शुरू होगा हरिणा मुक्तेश्वर धाम मेला, तैयारियों को लेकर हुई अहम बैठक
जमशेदपुर/पोटका: कोल्हान क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल हरिणा मुक्तेश्वर धाम में आगामी 15 जून से लगने वाले वार्षिक मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। मेले के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर पोटका विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुक्तेश्वर धाम मंदिर के पुजारी, क्षेत्र के डीएसपी समेत प्रशासनिक एवं मेला समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मेले की सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, यातायात प्रबंधन तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। विधायक संजीव सरदार ने कहा कि हरिणा मुक्तेश्वर धाम का यह मेला कोल्हान क्षेत्र के सबसे बड़े और प्रसिद्ध धार्मिक मेलों में से एक है। यहां एक सप्ताह तक चलने वाले मेले में झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा ओडिशा और पश्चिम बंगाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालु बाबा मुक्तेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना करते हैं तथा मेले का आनंद लेते हैं।
विधायक ने बताया कि इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के मेले को राजकीय मेला घोषित करने की मांग राज्य सरकार के समक्ष रखी गई है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में राज्य के मुख्यमंत्री से भी आग्रह किया गया है और इसे राजकीय मेला का दर्जा दिलाने की दिशा में पहल जारी है।
बैठक के दौरान विधायक संजीव सरदार ने मेले में आयोजित होने वाले डांस कार्यक्रम को बंद कराने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि मेले की धार्मिक गरिमा और सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने के लिए इस विषय पर क्षेत्र के डीएसपी से चर्चा की गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस वर्ष मेले में डांस कार्यक्रम का आयोजन नहीं होगा और धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
प्रशासन और मेला समिति ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सुविधा तथा विधि-व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का आश्वासन दिया है। इससे क्षेत्र के लोगों में मेले को लेकर उत्साह का माहौल है।





