बीजेपी छोड़ने की खबरों के बीच नितिन नबीन से मिले अन्नामलाई, हुई मंत्रणा

नई दिल्ली: तमिलनाडु भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पूर्व अध्यक्ष के अन्नामलाई ने आज मंगलवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से राष्ट्रीय राजधानी में मुलाकात की. उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष से भी मुलाकात की. बता दें, अन्नामलाई के भारतीय जनता पार्टी को छोड़ने की चर्चाएं चल रही थीं. इसके साथ-साथ सोशल मीडिया पर ये भी अफवाहें थीं कि वे नई राजनीतिक पार्टी भी बना सकते हैं.

सूत्रों से जो खबरें मिली हैं उनके मुताबिक पार्टी नेतृत्व ने उनसे कहा कि बीजेपी ने उनकी योग्यता के अनुसार उनको जिम्मेदारी सौंपी है और आगे भी ऐसी जिम्मेदारी दी जाएगी. इससे पहले सोमवार को जब उनसे सोशल मीडिया पर चल रही उन अफवाहों के बारे में पूछा गया, जिनमें दावा किया जा रहा है कि वह पार्टी छोड़कर नई पॉलिटिकल पार्टी शुरू करने की योजना बना रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि प्लीज इंतजार करें. हम दो दिन में बैठकर बात करेंगे. फिर जो होगा वह बताएंगे.
ताजा जानकारी के मुताबिक गुरुवार 4 जून को अन्नामलाई के जन्मदिन से पहले शहर में ‘हमारे नेता, आओ और हमारा नेतृत्व करो’ जैसे नारे वाले पोस्टर लगाए गए हैं. वहीं, राज्य में बड़ा राजनीतिक बदलाव 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के बाद आया है, जिसने राज्य की राजनीति में एक ऐतिहासिक बदलाव किया क्योंकि TVK ने अपने पहले चुनाव में 108 सीटें जीतीं, जिससे [डीएमके (DMK) और एआईडीएमके (AIADMK) के दशकों पुराने दबदबे का अंत हो गया. जीत के बाद, विजय ने राज्य के 13वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली.

बता दें, अन्नामलाई कल मंगलवार को जिस वाहन से चेन्नई हवाई अड्डे पर पहुंचे, उस पर बीजेपी का झंडा भी नहीं लगा था, जिससे चल रही अफवाहों को बल मिला. पूर्व आईपीएस (IPS) अधिकारी अन्नामलाई साल 2020 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए थे और उनकी लोकप्रियता भी काफी बढ़ती गई थी. इसके बाद साल 2021 में उन्हें राज्य बीजेपी अध्यक्ष भी बनाया गया. इस साल विधानसभा चुनाव 2026 से पहले पार्टी ने उनको अध्यक्ष पद से हटा दिया और चुनाव प्रचार में भी सीमित कर दिया. पार्टी ने उनको चुनावी टिकट भी नहीं दिया था. इस वजह से यह सभी अटकलें लगाई जा रही हैं.

Leave a Comment