झारखंड में 10 जून तक मानसून की दस्तक संभव, फिलहाल गर्मी से राहत नहीं
रांची: झारखंड में मानसून को लेकर मौसम विभाग ने ताजा पूर्वानुमान जारी किया है। रांची मौसम केंद्र के निदेशक एवं वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक बाबूराज पीपी के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अंडमान तक पहुंच चुका है और 26 मई तक केरल में प्रवेश करने की संभावना है। इसके बाद झारखंड में भी 10 जून तक मानसून के पहुंचने का अनुमान जताया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार मई के शुरुआती दिनों में हुई बारिश से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली थी, लेकिन 15 मई के बाद पश्चिमी दिशा से आने वाली तेज पछुआ हवाओं के कारण पलामू, गढ़वा, चतरा समेत कई जिलों में भीषण गर्मी और हीट स्ट्रोक जैसी स्थिति बनी हुई है। विभाग ने साफ किया है कि फिलहाल राज्यवासियों को गर्मी से ज्यादा राहत मिलने की संभावना नहीं है।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी युक्त हवाओं के कारण राज्य के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में कुछ राहत महसूस की जा रही है। वहीं एक टर्फ लाइन पूर्वी उत्तर प्रदेश से गंगेटिक पश्चिम बंगाल होते हुए असम तक बनी हुई है, जिसके प्रभाव से उत्तर-पूर्वी जिलों में 22 और 23 मई को तेज हवा, बादल और वज्रपात के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है।
इस वर्ष अल नीनो के प्रभाव के कारण सामान्य से कम बारिश होने की आशंका भी जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून सीजन में लगभग 10 प्रतिशत कम वर्षा हो सकती है। ऐसे में कृषि क्षेत्र में विशेष तैयारी की जरूरत बताई गई है। विशेषज्ञों ने किसानों को खेतों में मौजूद नमी को सुरक्षित रखने और कम वर्षा व अधिक तापमान सहने वाली फसलों की खेती पर जोर देने की सलाह दी है।







