सिंहभूम चैंबर में लगा एसआईआर, वोटर आईडी एवं आधार कार्ड कैंप, नागरिकों ने उठाया लाभ
जमशेदपुर : सिंहभूम चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा जिला प्रशासन, पूर्वी सिंहभूम के सहयोग से मंगलवार को बिष्टुपुर स्थित चैंबर भवन में “एसआईआर, वोटर आईडी एवं आधार कार्ड कैंप” का आयोजन किया गया। निर्वाचन नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत आयोजित इस कैंप का उद्देश्य आम नागरिकों, व्यापारियों एवं चैंबर सदस्यों को एक ही स्थान पर मतदाता सूची और आधार कार्ड से संबंधित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।
कैंप में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपने दस्तावेजों से संबंधित कार्य कराए। यहां मतदाता सूची में नाम सत्यापन, पुराने वोटर आईडी कार्ड में त्रुटि सुधार, नए वोटर आईडी कार्ड के लिए आवेदन, आधार कार्ड में सुधार तथा नया आधार कार्ड बनवाने की सुविधा उपलब्ध कराई गई। कैंप में संबंधित विभागों के कर्मियों द्वारा लोगों को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग भी प्रदान किया गया।
चैंबर पदाधिकारियों ने बताया कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक का मतदान अधिकार महत्वपूर्ण है और किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से छूटे नहीं, इसे ध्यान में रखते हुए इस प्रकार के कैंप का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई लोग तकनीकी कारणों या जानकारी के अभाव में वोटर आईडी एवं आधार कार्ड में सुधार नहीं करा पाते हैं, ऐसे में यह कैंप उनके लिए काफी लाभकारी साबित हो रहा है।
चैंबर ने शहर के व्यवसायियों, सदस्यों एवं आम नागरिकों से अपील की कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने दस्तावेजों को समय पर अपडेट कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।







