पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम मोदी का पुतला दहन
जमशेदपुर : पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन रुपये की बढ़ोतरी के विरोध में शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा बिष्टुपुर ट्रैफिक सिग्नल के पास जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप बालमुचू, जिला अध्यक्ष रविंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने केंद्र सरकार पर आम जनता पर महंगाई का बोझ डालने का आरोप लगाया। जिला अध्यक्ष रविंद्र सिंह ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर खाद्य पदार्थों, यातायात और दैनिक जरूरतों की वस्तुओं पर पड़ता है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग सबसे अधिक परेशान है।
वहीं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप बालमुचू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री जनता को पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और खर्चों में कटौती की सलाह देते हैं, जबकि दूसरी ओर स्वयं लगातार विदेश यात्राएं करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार दोहरी नीति अपना रही है और आम जनता की समस्याओं से उसका कोई सरोकार नहीं है।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार पेट्रोल-डीजल की कीमतों में की गई बढ़ोतरी वापस नहीं लेती है तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।






