झारखण्ड सहित 16 राज्यों और 3 केंद्रशासित प्रदेशों में SIR की घोषणा, चुनाव आयोग ने जारी किया कार्यक्रम, झारखण्ड में 20 जून से शुरू
राँची। भारत के निर्वाचन आयोग ने देशभर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तीसरे चरण की घोषणा कर दी है। इसके तहत झारखण्ड समेत 16 राज्यों और तीन केंद्रशासित प्रदेशों में मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण कराया जाएगा।
झारखण्ड में यह प्रक्रिया 20 जून से शुरू होगी और 7 अक्तूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, झारखण्ड में 29 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इसके बाद पांच अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
दावे और आपत्तियों पांच अगस्त से चार सितंबर तक लिये जाएंगे। सभी दावों और आपत्तियों के निबटारे के बाद 7 अक्तूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।
वर्तमान में झारखण्ड में कुल मतदाताओं की संख्या 2,64,89,777 है। निर्वाचन आयोग का मानना है कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से मतदाता सूची में पारदर्शिता बढ़ेगी और पात्र मतदाताओं को शामिल करने में मदद मिलेगी।
झारखण्ड के साथ-साथ कर्नाटक, मेघालय, महाराष्ट्र और दिल्ली में भी इसी शेड्यूल के साथ SIR कराए जाएंगे, तीसरे चरण में जिन 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेश में मतदाता गहन पुनरीक्षण का कार्यक्रम चलाया जाएगा, उसमें ओडिशा, मिजोरम, सिक्किम, मणिपुर, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, तेलंगाना, पंजाब, नागालैंड, त्रिपुरा, दादर नगर हवेली और दमन दीव शामिल है।







