जमशेदपुर ब्रेकिंग: गैस सिलेंडर लीकेज से कंपनी क्वार्टर में लगी आग, डेढ़ लाख की संपत्ति जलकर राख

जमशेदपुर ब्रेकिंग: गैस सिलेंडर लीकेज से कंपनी क्वार्टर में लगी आग, डेढ़ लाख की संपत्ति जलकर राख

जमशेदपुर:जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत स्ट्रेट माइल रोड स्थित कब्रिस्तान के सामने कंपनी क्वार्टर संख्या L4/98 में रविवार को गैस सिलेंडर से लीकेज होने के कारण अचानक आग लग गई। घटना उस समय हुई जब घर के किचन में खाना बनाने की तैयारी चल रही थी। देखते ही देखते आग ने पूरे रसोईघर को अपनी चपेट में ले लिया और घर के अन्य हिस्सों तक फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही टाटा स्टील की एक दमकल गाड़ी और झारखंड फायर ब्रिगेड की एक दमकल गाड़ी भी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। अग्निशमन विभाग की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।
घरवालों के अनुसार आग लगने से घर में रखे फर्नीचर, घरेलू सामान, कपड़े और अन्य जरूरी वस्तुएं जल गईं। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक करीब डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस और अग्निशमन विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। शुरुआती जांच में गैस सिलेंडर लीकेज को आग लगने का मुख्य कारण माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते दमकल की टीम पहुंच गई, जिससे आग को फैलने से रोका जा सका और आसपास के क्वार्टर सुरक्षित बच गए।

Leave a Comment