जादूगोड़ा में पेसा नियमावली व आदिवासी स्वशासन पर कार्यशाला आयोजित
पोटका : पर्यावरण चेतना केन्द्र, बड़ा सिकदी पोटका के निर्देशक सिदेश्वर सरदार की अगुवाई में जादूगोड़ा स्थित सुप्रसिद्ध रंकनी मंदिर के धूमकुड़िया भवन में आदिवासी स्वशासन एवं पेसा नियमावली पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में पर्यावरण चेतना केन्द्र के निर्देशक सिदेश्वर सरदार ने पेसा कानून की बारीकियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने वर्ष 1996 के केंद्रीय पेसा कानून तथा झारखंड सरकार द्वारा लागू पेसा कानून के तहत ग्राम सभा को प्राप्त अधिकारों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पेसा कानून के अंतर्गत विकास कार्यों की निगरानी, सरकारी खर्चों की समीक्षा तथा भू-अर्जन से पूर्व ग्राम सभा से परामर्श लेने जैसे महत्वपूर्ण प्रावधान शामिल हैं। इस दौरान ग्रामीणों को इन अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया और उनके महत्व को समझाया गया।
कार्यक्रम के अंत में सिदेश्वर सरदार ने आदिवासी समाज से अपनी पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था को जीवंत बनाए रखने का आह्वान किया, ताकि उनकी पहचान, संस्कृति और परंपराएं सुरक्षित रह सकें।







