हाता चौक का सार्वजनिक शौचालय पर ठेकेदार का कब्ज़ा, यात्रियों खासकर महिलाओं को हो रही भारी परेशानी

हाता चौक का सार्वजनिक शौचालय पर ठेकेदार का कब्ज़ा, यात्रियों खासकर महिलाओं को हो रही भारी परेशानी

पोटका : हाता चौक में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला परिषद निधि से लाखों रुपये की लागत से सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया गया था। इसका उद्देश्य आने-जाने वाले सैकड़ों यात्रियों, विशेषकर महिलाओं को स्वच्छ और सुरक्षित सुविधा उपलब्ध कराना था। लेकिन निर्माण के बाद ही यह शौचालय आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
बताया जा रहा है कि मार्केट कॉम्प्लेक्स निर्माण में लगे ठेकेदार के कर्मियों ने शौचालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया है और इसका उपयोग निजी तौर पर किया जा रहा है। स्थिति यह है कि शौचालय गंदगी से भरा पड़ा है और नियमित साफ-सफाई भी नहीं हो रही है।
हाता चौक क्षेत्र में हर 10 मिनट पर बसों का आवागमन होता है। चारों दिशाओं से आने-जाने वाले यात्रियों की भारी आवाजाही रहती है, बावजूद इसके सार्वजनिक शौचालय बंद रहने से लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को हो रही है, जिन्हें मजबूरी में झाड़ियों का सहारा लेना पड़ रहा है।
इस गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय समाजसेवी शंकर गोप और आनंद पाल ने जल्द से जल्द शौचालय का ताला खोलने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे।
वहीं, स्थानीय जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि ठेकेदार को कई बार ताला खोलने के लिए कहा गया है, लेकिन केवल आश्वासन ही मिलता रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार के कर्मी शौचालय का निजी उपयोग कर रहे हैं, जिससे आम जनता में असंतोष बढ़ रहा है। इस संबंध में विभागीय जेई को कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

मामले पर जेई विजय भूषण ने कहा कि ठेकेदार के कर्मियों द्वारा इस प्रकार ताला लगाना गलत है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही पहल कर शौचालय का ताला खुलवाया जाएगा, ताकि यात्रियों को सुविधा मिल सके।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कितनी जल्दी कार्रवाई करता है और आम जनता को राहत मिल पाती है या नहीं।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई