झारखंड राज्य के सभी नगर निगमों सहित मानगो नगर निगम क्षेत्र में होल्डिंग टैक्स में की गई बढ़ोतरी के निर्णय का जनता दल (यूनाइटेड) पूर्वी सिंहभूम के जिला अध्यक्ष श्री सुबोध श्रीवास्तव ने कड़ा विरोध किया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय आम जनता पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डालने वाला है और पूरी तरह जनविरोधी है।
श्री श्रीवास्तव ने कहा कि मानगो नगर निगम क्षेत्र की स्थिति अत्यंत दयनीय है। यहां की जनता आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है। न तो समुचित पेयजल की व्यवस्था है, न ही नियमित साफ-सफाई। कचरा उठाव की स्थिति बदहाल है, सड़कों एवं मोहल्लों में जगह-जगह कचरे का अंबार लगा हुआ है। स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत नहीं हो रही, नालों की सफाई ठप है और ब्लीचिंग जैसे आवश्यक कार्यों में भी घोर लापरवाही बरती जा रही है।
उन्होंने आगे कहा कि पेयजल आपूर्ति की स्थिति “आईसीयू” में पहुंच चुकी है। कई बस्तियों और मोहल्लों में पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप है। पूरा मानगो नगर निगम क्षेत्र अव्यवस्था और भ्रष्टाचार की मार झेल रहा है। मच्छरों का आतंक बढ़ चुका है, जिससे बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
श्री श्रीवास्तव ने नगर निगम प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि हाल ही में आयोजित पहली बोर्ड बैठक में मेयर द्वारा साफ-सफाई की ठेका कंपनी को बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए अचानक बर्खास्त कर दिया गया, जिसका खामियाजा आज आम जनता भुगत रही है। कचरा उठाव पूरी तरह बाधित हो गया है और पूरा मानगो क्षेत्र गंदगी से बजबजा रहा है।
उन्होंने राज्य की कांग्रेस-झामुमो सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर जहां जनता बुनियादी सुविधाओं से वंचित है, वहीं दूसरी ओर होल्डिंग टैक्स बढ़ाकर सरकार जनता के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम कर रही है।
अंत में उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द ही जनता दल यूनाइटेड इस जनविरोधी निर्णय के खिलाफ जोरदार आंदोलन का बिगुल फूंकेगी।






