1.03 करोड़ के संदिग्ध भुगतान का मामला, BJP नेता ने सौंपा ज्ञापन

1.03 करोड़ के संदिग्ध भुगतान का मामला, BJP नेता ने सौंपा ज्ञापन

रांची राजधानी रांची में वन विभाग से जुड़े कथित वित्तीय घोटाले को लेकर सियासत तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने रांची वन मंडल के तत्कालीन डीएफओ राजीव लोचन बख्शी पर गंभीर आरोप लगाते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।

लोकभवन पहुंचकर मरांडी ने राज्यपाल को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा, जिसमें उन्होंने बख्शी के कार्यकाल के दौरान वित्तीय अनियमितता, प्रशासनिक कदाचार और सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच और फॉरेंसिक ऑडिट कराना बेहद जरूरी है।

मरांडी ने झारखंड महालेखाकार की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि 95 मस्टर रोल्स की जांच में करीब 1.0383 करोड़ रुपये के संदिग्ध भुगतान का मामला सामने आया है। इन मस्टर रोल्स में मजदूरों के हस्ताक्षर या अंगूठे के निशान नहीं हैं, बल्कि व्हाइटनर और इरेजर से छेड़छाड़ के संकेत मिले हैं। भुगतान को बैंक के बजाय नकद दर्शाया गया, जो नियमों का उल्लंघन है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बख्शी को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त था, जिसके कारण उनके कार्यकाल में हुई अनियमितताएं दबाई जाती रहीं। मरांडी के अनुसार, यदि समय पर जांच होती तो वे जेल में होते।

इसके अलावा, ग्रामीण विद्युतीकरण योजना में भी गड़बड़ी का आरोप लगाया गया है। बताया गया कि वन भूमि उपयोग के प्रस्तावों को नियमों के विपरीत विभाजित कर स्वीकृति दी गई, जिससे सरकार को करीब 46 लाख रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ।

मरांडी ने यह भी दावा किया कि CAMPA मद के तहत दी गई करोड़ों रुपये की अग्रिम राशि का हिसाब ऑडिट टीम से छिपाया गया। साथ ही, सामग्री खरीद से जुड़े वाउचर भी प्रस्तुत नहीं किए गए।
नेता प्रतिपक्ष ने राज्यपाल से मांग की है कि पूरे मामले की किसी स्वतंत्र एजेंसी से सघन जांच और फॉरेंसिक ऑडिट कराया जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों पर कार्रवाई हो।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर एसएसपी राकेश रंजन ने जारी किए सख्त आदेश, एसएसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के स्कूलों में जाकर बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों की जांच करने और उनका डाटाबेस तैयार करने का निर्देश दिया।