जादूगोड़ा में ब्रह्मर्षि महिला विकास मंच ने धूमधाम से मनाया होली महोत्सव
जादूगोड़ा स्थित यूसिल कॉलोनी के सामुदायिक केंद्र में बीती रात ब्रह्मर्षि महिला विकास मंच की जादूगोड़ा शाखा द्वारा भव्य होली महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक उल्लास के साथ एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्रह्मर्षि विकास समिति के जादूगोड़ा अध्यक्ष उपेन्द्र शर्मा सहित मंच की महिलाओं ने भगवान परशुराम, सहजानंद सरस्वती एवं भगवान भोले शंकर की तस्वीरों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ किया।
महोत्सव के दौरान महिलाओं ने बाबा हरिहर नाथ सोनपुर में खेले जाने वाली होली से जुड़े लोकगीतों पर जमकर नृत्य किया, जिससे माहौल पूरी तरह रंगीन हो उठा। वहीं बच्चों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ते हुए होली महोत्सव के उल्लास को और भी बढ़ा दिया।
समारोह में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं बच्चों की भागीदारी रही। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और सांस्कृतिक परंपराओं को सशक्त करने का कार्य करते हैं।






