बड़ाकांजिया में दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता में ब्लैक टाइगर घाटशिला बनी विजेता
विधायक की अनुपस्थिति में तरुण सरदार ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन
डुमरिया प्रखंड अंतर्गत बड़ाकांजिया पंचायत सह ग्राम में ए.एस.एम बड़ाकांजिया फुटबॉल क्लब द्वारा आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता उत्साह के साथ संपन्न हुई। पोटका विधायक संजीव सरदार की अनुपस्थिति में उनके अनुज तरुण सरदार मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में आसपास के क्षेत्रों की टीमों ने भाग लिया।
ब्लैक टाइगर घाटशिला ने जीता खिताब
रोमांचक मुकाबलों के बाद ब्लैक टाइगर घाटशिला ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं ओल्ड ब्रदर मुसाबनी द्वितीय स्थान पर रही, जबकि सोनागाड़ा टीम तृतीय स्थान पर रही। विजेता टीम को ₹10,000 एवं द्वितीय पुरस्कार के रूप में ₹7,000 प्रदान किए गए। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।
खेल से विकसित होती है अनुशासन और एकता : तरुण सरदार
मौके पर तरुण सरदार ने खिलाड़ियों, आयोजकों एवं ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजन युवाओं की प्रतिभा को सशक्त मंच प्रदान करते हैं। खेलकूद से अनुशासन, एकता और आत्मविश्वास की भावना विकसित होती है, जो समाज के लिए सकारात्मक संदेश देती है।
कार्यक्रम में झामुमो डुमरिया प्रखंड अध्यक्ष मिर्जा सोरेन, झामुमो नेता भगत बास्के, पोटका प्रखंड कोषाध्यक्ष अनुपम मंडल, झामुमो नेता रामदास मुर्मू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेल प्रेमी उपस्थित थे।






