रांची में आज नहीं खुलेगी शराब की दुकानें, 24 फरवरी सुबह तक रहेगा ड्राई डे प्रभावी
रांची: झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर पूरे राज्य में सुरक्षा और शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। चुनावी प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून-व्यवस्था की समस्या न हो, इसे ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने शराब की बिक्री और वितरण पर अस्थायी रोक (ड्राई डे) लागू किया है।
आधिकारिक आदेश के अनुसार 21 फरवरी की शाम 5 बजे से लेकर 24 फरवरी की सुबह 7 बजे तक पूरे राज्य में देशी-विदेशी शराब की सभी दुकानें, बार, होटल, रेस्टोरेंट और अन्य अधिकृत विक्रय केंद्र पूरी तरह बंद रहेंगे। इस अवधि में किसी भी प्रकार की शराब की बिक्री, परोसने या वितरण की अनुमति नहीं होगी।
उत्पाद विभाग और पुलिस प्रशासन ने सभी जिलों में निगरानी बढ़ा दी है। आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्ति या संस्था पर उत्पाद अधिनियम और अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि यह निर्णय मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से लिया गया है, ताकि मतदाता बिना किसी दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।






