दुमका: पुलिस ने तीन बच्चों की मां को आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम से बरामद कर लिया है, जो एक महीने पहले ओडिशा के एक युवक से फेसबुक पर प्यार करने के बाद घर से भाग गई थी. यह मामला जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र के तिलकपुर गांव का है.
दरअसल, दुमका जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र के तिलकपुर गांव का यह मामला पूरी तरह से फिल्मी है. यहां की रहने वाली 30 साल की सुमा देवी पिछले महीने की 12 तारीख को अचानक अपने घर से गायब हो गई थी. वह अपने पीछे अपने तीन छोटे बच्चों और मजदूरी करने वाले पति निरंजन मंडल को छोड़कर चली गई थी.
पति निरंजन ने सरैयाहाट थाना में आवेदन देकर पत्नी की खोजबीन की गुहार लगाई थी. उसने अपने आवेदन में लिखा था कि उसकी पत्नी लंबे समय से फेसबुक के जरिए एक युवक के संपर्क में थी. इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच काफी तनाव भी रहता था. इधर पुलिस की जांच में यह सामने आया कि ओडिशा के उसी युवक से महिला का मोबाइल पर संपर्क हुआ और यह रिश्ता फिर प्यार में बदल गया
फेसबुक वाले प्रेमी ने महिला को एक शानदार जीवन के सपने दिखाए. इन्हीं बातों में आकर पिछले माह 12 जनवरी को वह घर छोड़कर फरार हो गई. उक्त युवक के साथ दुमका की यह महिला पश्चिम बंगाल से ओडिशा और फिर आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम पहुंच गई. वहां जाकर उसने पाया कि उसका सोशल मीडिया का प्रेमी एक झोपड़ी में रहता है और दिहाड़ी मजदूरी करता है. महिला ने प्रेमी के साथ जो शानदार जीवन का सपना देखा था वह सपना चकनाचूर हो चुका था.







