रिवर व्यू कॉलोनी स्थित श्री श्री शिव संकट मोचन हनुमान मंदिर के प्रांगण में भगवान शिव, शिव परिवार, राधाकृष्ण एवं हनुमान जी के प्राण प्रतिष्ठा हेतु चल रहे श्री श्री रुद्र प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ के दूसरे दिन आज गुरुवार को अन्नाधिवास, शर्कराधिवास, शय्याधिवास एवं शाम 4 बजे भव्य नगरभ्रमण का आयोजन किया गया जिसमें मुख्य यजमान राकेश रंजन जी के साथ सैकड़ों की संख्या में कमिटी के सदस्य एवं बस्तीवासी शामिल हुए।
ख़ुशी एवं उत्साह संग ढोल नगाड़ों, भजन एवं जयकारों के साथ प्रतिमाओं को नगर भ्रमण कराया गया जिसमें 500 से अधिक लोग झूमते नाचते गाते आनंदित हुए, करीब 3 घंटे के भ्रमण उपरांत मंदिर पर पुनः वापस आकर पूजन अर्चन एवं प्रसाद वितरण किया गया।
चार दिवसीय आयोजन में कल तीसरे दिन वेदी पूजन, विविध स्नान, स्थापना आदि किया जाएगा एवं अंतिम दिन शनिवार को हवन, पूर्णाहुति, आरती, सुंदरकांड तथा वृहद भंडारा महाप्रसाद की व्यवस्था की जाएगी।






