अपहृत युवक कैरव गांधी सकुशल बरामद, पुलिस दबाव में बदमाशों ने रास्ते में छोड़ा

अपहृत युवक कैरव गांधी सकुशल बरामद, पुलिस दबाव में बदमाशों ने रास्ते में छोड़ा
जमशेदपुर:
13 जनवरी 2026 को बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एस-सीएच एरिया से अपहृत किए गए युवक कैरव गांधी को जमशेदपुर पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। इस संबंध में वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम कार्यालय द्वारा सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कैरव गांधी (24 वर्ष), पिता देवांग गांधी का अज्ञात अपराधियों द्वारा अपहरण कर लिया गया था। मामले में बिष्टुपुर थाना कांड संख्या 05/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(1) व 140(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
अनुसंधान के क्रम में पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि अपहरणकर्ता कैरव गांधी को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संभावित मार्गों पर नाकेबंदी की और लगातार छापेमारी शुरू की।
लगातार बढ़ते पुलिस दबाव एवं गिरफ्तारी की आशंका के चलते अपहरणकर्ताओं ने जीटी रोड पर चौपारण से बरही खंड के बीच रास्ते में ही कैरव गांधी को छोड़ दिया और फरार हो गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया।
बरामदगी के बाद कैरव गांधी को परिजनों के आग्रह पर सुरक्षित उनके आवास तक पहुंचाया गया। युवक के सकुशल मिलने से परिजनों सहित शहरवासियों ने राहत की सांस ली है।
पुलिस ने बताया कि अपहरणकर्ताओं की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। कांड का अनुसंधान जारी है तथा शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी से संबंधित जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई