ट्रेड यूनियनों के संयुक्त मंच के आह्वान पर12 फरवरी की देशव्यापी आम हड़ताल को लेकर पूरे कोल्हान में हलचल तेज़
केंद्र सरकार की श्रमिक विरोधी, जनविरोधी नीतियों और चार लेबर कोड्स को लागू किए जाने के विरोध में ट्रेड यूनियनों के संयुक्त मंच के बैनर तले 12 फरवरी 2026 को बुलाई गई अखिल भारतीय आम हड़ताल को कोल्हान क्षेत्र में ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए आज, 24 जनवरी 2026 को साकची स्थित एटक कार्यालय में सीटू के राज्य महासचिव कॉ0 विश्वजीत देब की उपस्थिति में , कॉ0 आरएस राय की अध्यक्षता में , केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और स्वतंत्र फेडरेशनों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कॉम अंबुज ठाकुर, गुप्तेश्वर सिंह, सुभाष करण, हीरा अरकाने , संजय कुमार, डी.शुक्ला, एन एन पॉल और कई अन्य ट्रेड यूनियन नेता मौजूद थे।
संयुक्त मंच की ओर से बताया गया कि हड़ताल के मुद्दों पर संबंधित यूनियन स्तर के सदस्यों की आम सभा हो चुकी है। अब टाटा पावर, नुवोको सीमेंट, टाटा मोटर्स, तार कंपनी, टिनप्लेट, टाटा स्टील, आदित्यपुर-गम्हरिया औद्योगिक क्षेत्र, दिहाड़ी और निर्माण श्रमिक जैसे कार्यस्थलों और श्रमिकों के आवासीय क्षेत्रों में हर एक श्रमिक तक पहुँचने के लिए संयुक्त पहल की जाएगी, ताकि सरकारी एजेंसियों द्वारा किए जा रहे झूठे प्रचार तथा श्रम संहिताओं एवं श्रम नीति के विनाशकारी प्रभावों का पर्दाफाश किया जा सके। इनके अलावा बैंक, इंश्योरेंस, राज्य और केंद्र सरकार के कर्मचारियों, बीएसएनल , पोस्टल, सेल्स प्रमोशन आदि क्षेत्रों में भी अलग से पहल की जा रही है। 3 फरवरी से 10 फरवरी तक प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर नुक्कड़ सभाएं की जाएंगी और 11 फरवरी को मशाल जुलूस निकाला जाएगा।
ट्रेड यूनियन की मांगों के समर्थन में 12 फरवरी को संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए कई स्थानों पर जुझारू प्रदर्शन किए जाएंगे। व्यापक हड़ताल के अलावा, ट्रेड यूनियनों ने कोल्हान के विभिन्न क्षेत्रों में भारी लामबंदी की योजना बनाई है। इस अभियान में छात्र, युवा और महिला संगठनों सहित अन्य बिरादराना जन संगठनों की भी सक्रिय भागीदारी रहेगी।







