जमशेदपुर में उद्योगपति के बेटे के लापता होने से हड़कंप, JDU विधायक ने अमित शाह से मांगी मदद

जमशेदपुर में उद्योगपति के बेटे के लापता होने से हड़कंप, JDU विधायक ने अमित शाह से मांगी मदद

जमशेदपुर झारखंड के जमशेदपुर में एक बड़ी घटना ने शहर के कारोबारी और सामाजिक हलकों में चिंता बढ़ा दी है। प्रसिद्ध उद्योगपति देवांग गांधी के बेटे कैरव गांधी के लापता होने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि कैरव को लापता हुए पांच दिन हो चुके हैं, लेकिन अब तक पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।

इस बीच, जदयू विधायक सरयू राय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से हस्तक्षेप की मांग की है।

उन्होंने अपने आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर लिखा —
“जमशेदपुर के युवा उद्यमी कैरव गांधी का अपहरण चार दिन पहले हुआ। झारखंड सरकार सुराग नहीं लगा पायी है। सूचना आ रही है कि इसमें किसी अंतर्राज्यीय गिरोह का हाथ है। सवाल केवल अपहरण या फिरौती का नहीं बल्कि एक युवक की जिंदगी का है। कृपया केंद्रीय एजेंसियों को सक्रिय करें।”
SIT का गठन, फिर भी हाथ खाली
मामले की गंभीरता को देखते हुए झारखंड पुलिस ने SIT का गठन किया है, जो कैरव गांधी को सुरक्षित खोजने में जुटी है। सरयू राय ने कहा कि उन्होंने राज्य पुलिस महानिदेशक और पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी से भी मामले की विस्तृत जानकारी ली है।
कार बरामद, लेकिन सुराग नहीं
जानकारी के मुताबिक, कैरव गांधी के लापता होने के कुछ घंटे बाद ही पुलिस ने उनकी कार को सरायकेला-खरसावां जिले के चंदिल थाना क्षेत्र के कंदेरबेड़ा इलाके में NH-33 के पास से बरामद किया था। हालांकि, अब तक कैरव का कोई पता नहीं चल सका है।
इस घटना से शहर के व्यापारी और सामाजिक संगठन बेहद चिंतित हैं और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई