जमशेदपुर अपहरण व हत्या मामलों पर झामुमो नेता कुणाल षाड़ंगी ने डीजीपी से की मुलाकात

जमशेदपुर अपहरण व हत्या मामलों पर झामुमो नेता कुणाल षाड़ंगी ने डीजीपी से की मुलाकात
जमशेदपुर। आज झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक श्री कुणाल षाड़ंगी ने झारखंड की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) श्रीमती तदाशा मिश्रा से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य से जुड़े दो गंभीर मामलों पर विस्तृत चर्चा की।
श्री षाड़ंगी ने हाल ही में जमशेदपुर के प्रतिष्ठित व्यवसायी श्री देवन गांधी के पुत्र, युवा व्यवसायी केरव गांधी के अपहरण मामले को गंभीरता से उठाते हुए आग्रह किया कि झारखंड पुलिस उनकी सकुशल घरवापसी सुनिश्चित करे। उन्होंने इस घटना से जुड़े हर पहलू की गहन जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।
इसके साथ ही उन्होंने गालूडीह थाना क्षेत्र के पुतड़ू गांव निवासी श्री तारापदो महतो की निर्मम हत्या के मामले पर भी डीजीपी का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने मांग की कि इस जघन्य अपराध में प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से शामिल सभी अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
डीजीपी श्रीमती तदाशा मिश्रा ने आश्वस्त किया कि केरव गांधी अपहरण मामले में सभी तकनीकी व अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस के सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं और हर स्तर पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जल्द ही केरव गांधी सकुशल अपने परिवार के साथ होंगे।
तारापदो महतो हत्या कांड पर डीजीपी ने बताया कि जिला पुलिस पूरी तत्परता के साथ जांच में जुटी है और अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई