जमशेदपुर में इंटरनेशनल डॉग शो का शुभारंभ, 43 नस्लों के 326 डॉग्स ले रहे हिस्सा
जमशेदपुर में तीन दिवसीय 79वां, 80वां और 81वां इंटरनेशनल डॉग शो का भव्य शुभारंभ आज हुआ। आयोजन जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया जा रहा है, जिसमें देशभर से 43 विभिन्न नस्लों के 326 डॉग्स भाग ले रहे हैं।
डॉग शो में गोल्डन रिट्रीवर, रॉटवाइलर, डोबरमैन, लैब्राडोर, बीगल और जर्मन शेफर्ड जैसी प्रसिद्ध नस्लों के डॉग्स आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। झारखंड के अलावा पश्चिम बंगाल और दिल्ली से भी बड़ी संख्या में प्रतिभागी यहां पहुंचे हैं।
कार्यक्रम का उद्घाटन टाटा स्टील के सीईओ एवं एमडी टी. वी. नरेंद्रन ने किया। उद्घाटन अवसर पर टाटा स्टील और टाटा मोटर्स के प्रशिक्षित डॉग्स ने मुख्य अतिथि को फूलों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया और मार्च पास्ट कर सलामी दी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
डॉग शो में अंतरराष्ट्रीय जजों की मौजूदगी में डॉग्स की शारीरिक बनावट, अनुशासन और प्रशिक्षण कौशल का मूल्यांकन किया जा रहा है। प्रदर्शनी के दौरान जंपिंग, दीवार पार करने और विभिन्न उपयोगी प्रशिक्षण तकनीकों का भी प्रदर्शन किया गया।
इस डॉग शो को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पहुंचे। यह आयोजन तीन दिनों तक चलेगा।






