टेल्को खड़काई रोड हत्याकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरा
जमशेदपुर:
जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत खड़काई रोड में हुए हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान जुगस्लाई निवासी सोहैल अली के रूप में हुई है।
पुलिस ने इस घटना में शामिल ऋषि दलई, जसबीर सिंह और लवप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया है, जबकि मामले में संलिप्त एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जमशेदपुर सिटी एसपी ने बताया कि मृतक सोहैल अली की तीनों आरोपियों के साथ पहले से दोस्ती थी। बीते दिनों इनके बीच मारपीट हुई थी और उसी रंजिश के बदले की भावना में इस हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन धारदार हथियार भी बरामद किए हैं। फिलहाल तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, वहीं फरार आरोपी की तलाश जारी है।






