*राष्ट्रपति की सुरक्षा में चूक, काफिले में घुसा स्कूटी सवार
*रांची :* तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर आईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सुरक्षा में रविवार को राजधानी रांची में बड़ी चूक सामने आई। रांची एयरपोर्ट से लोक भवन जाते समय राष्ट्रपति के काफिले में एक स्कूटी सवार अचानक प्रवेश कर गया। यह घटना किशोरगंज चौक के पास हुई, जहां राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए एयरपोर्ट से लेकर लोक भवन तक का पूरा मार्ग पूरी तरह सील किया गया था। आम वाहनों की आवाजाही पर रोक लगी थी, इसके बावजूद स्कूटी सवार सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए काफिले के भीतर पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार राष्ट्रपति के वाहन सहित कई सुरक्षा गाड़ियां गुजर चुकी थीं, तभी स्कूटी सवार काफिले में दाखिल हो गया।
मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए स्कूटी सवार को तुरंत रोका और काफिले से बाहर निकाल लिया। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई। इस दौरान राष्ट्रपति का काफिला बिना रुके अपने गंतव्य की ओर बढ़ता रहा।
इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि स्कूटी सवार अचानक काफिले के बीच पहुंचता है और एक सुरक्षा कर्मी उसे रोककर किनारे ले जाता है। स्कूटी सवार को हटाने के बाद राष्ट्रपति के कारकेड की अन्य गाड़ियां वहां से गुजरती नजर आती हैं।
राष्ट्रपति की सुरक्षा से जुड़ी इस चूक को गंभीर माना जा रहा है। हालांकि, इस मामले में अब तक रांची पुलिस के किसी भी वरीय अधिकारी की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। फिलहाल स्कूटी सवार से पूछताछ जारी है और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।





