मांडर के बॉम्बे में खुलेगी राज्य की पहली मेडिकल यूनिवर्सिटी

मांडर के बॉम्बे में खुलेगी राज्य की पहली मेडिकल यूनिवर्सिटी

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने की समीक्षा बैठक, जल्द संचालन के दिए निर्देश

मांडर वासियों के लिए खुशखबरी

रांची मांडर : मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड मंत्रालय में राज्य की पहली झारखंड यूनिवर्सिटी ऑफ़ हेल्थ साइंसेज को लेकर एक अहम समीक्षा बैठक की। यह यूनिवर्सिटी रांची जिला के बॉम्बे में स्थापित की जाएगी, जो राज्य की चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।

बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री अजय कुमार सिंह मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने झारखंड स्वास्थ्य विज्ञान विश्वद्यालय अधिनियम, 2023 के अंतर्गत उठाए गए कदमों की समीक्षा करते हुए यूनिवर्सिटी को शीघ्र संचालित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राज्य की पहली मेडिकल यूनिवर्सिटी होगी, जो चिकित्सा शिक्षा, शोध एवं आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार राज्य की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

नियमावली और फैकल्टी नियुक्ति जल्द

मुख्यमंत्री ने यूनिवर्सिटी की नियमावली के गठन एवं फैकल्टी मेंबर्स की नियुक्ति प्रक्रिया जल्द शुरू करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी प्रक्रियाएं नेशनल मेडिकल काउंसिल (NMC) की गाइडलाइंस के अनुरूप पूरी की जाएं।

उन्होंने यह भी कहा कि इस मेडिकल यूनिवर्सिटी को इस तरह विकसित किया जाए, जिससे मानव संसाधन विकास, मेडिकल रिसर्च और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिल सके।

रांची जिला के बॉम्बे में बनने वाली यह मेडिकल यूनिवर्सिटी झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई