*रांची में जनजातीय स्वशासन महोत्सव आयोजित, अबुआ पंचायत न्यूज़लेटर और मुख्यमंत्री पंचायत पुरस्कार पोर्टल का लोकार्पण*
*रांची।* पंचायती राज विभाग की ओर से आज राजधानी
रांची में जनजातीय स्वशासन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने अबुआ पंचायत न्यूज़लेटर और मुख्यमंत्री पंचायत पुरस्कार अवार्ड पोर्टल का औपचारिक लोकार्पण किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और जनजातीय समुदाय के लोग उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य आदिवासी समाज की पारंपरिक शासन प्रणाली को संवैधानिक ढांचे के अनुरूप सशक्त बनाना और ग्राम सभाओं को विकास की मूल इकाई के रूप में स्थापित करना है।
मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि यह पहल जनजातीय स्वशासन की भावना को मजबूत करेगी तथा स्थानीय स्तर पर निर्णय लेने की प्रक्रिया को सशक्त बनाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि जल, जंगल और जमीन पर समुदाय की निर्णायक भूमिका सुनिश्चित हो, ताकि सहभागी लोकतंत्र और सामाजिक न्याय को और मजबूती मिले।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने जनजातीय स्वशासन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता पर विस्तार से चर्चा की। पंचायत प्रतिनिधियों को अबुआ पंचायत पोर्टल के माध्यम से विकास योजनाओं की जानकारी और पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में उठाए गए कदमों की जानकारी दी गई।





