जमशेदपुर। जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने और कंपनियों में आरक्षण के आधार पर नौकरी सहित विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय ओबीसी मोर्चा ने बुधवार को साकची गोलचक्कर पर एक दिवसीय धरना दिया। धरना के माध्यम से मोर्चा ने राज्य सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई और मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मांग की गई कि योग्य ओबीसी अभ्यर्थियों को शीघ्र जाति प्रमाण पत्र जारी किया जाए, साथ ही निजी और औद्योगिक कंपनियों में आरक्षण का लाभ सुनिश्चित करते हुए आरक्षण के आधार पर नियुक्ति दी जाए। मोर्चा के नेताओं ने कहा कि आरक्षण के अभाव में ओबीसी समाज के युवाओं को रोजगार से वंचित होना पड़ रहा है।
भारतीय ओबीसी मोर्चा ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की उदासीनता के कारण ओबीसी वर्ग को उनके संवैधानिक अधिकारों का लाभ नहीं मिल पा रहा है। न तो समय पर जाति प्रमाण पत्र निर्गत किए जा रहे हैं और न ही आरक्षण से जुड़ी योजनाओं का सही ढंग से क्रियान्वयन हो रहा है।
मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और राज्यव्यापी आंदोलन करने के लिए वे बाध्य होंगे।






