तीन दिनों से कोहरे की चादर में लिपटा पोटका, ठंड से जनजीवन बेहाल
पोटका : लगातार तीसरे दिन भी पोटका क्षेत्र घने कोहरे की चपेट में रहा, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। खासकर छोटे-छोटे स्कूली बच्चों को सुबह के समय इस घने कोहरे में स्कूल जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बीते तीन दिनों से सुबह घना कोहरा छाए रहने के बाद दोपहर करीब 12 बजे के बाद तेज धूप निकलने से मौसम में अचानक बदलाव हो रहा है, जिससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
वहीं कनकनी ठंड में लगातार इजाफा हो रहा है। ठंड और कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता कम होने से आवागमन में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आवश्यक कार्यों के लिए घर से निकलने वाले लोग भी ठंड से बचाव के उपाय करते नजर आ रहे हैं।
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में बताया है कि आगामी दो दिनों तक इसी तरह घना कोहरा छाया रह सकता है, जिससे ठिठूरन और बढ़ने की संभावना है। लोगों को सतर्क रहने और ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।







