राँची। पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत लोगों के चेहरे पर खुशी लौटाने का काम किया है। जिसमें जगरनाथपुर थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों से गुम हुए करीब 50 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार जगरनाथपुर थाना क्षेत्र में बीते कुछ महीनों के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के मोबाइल फोन गुम हो गए थे। पीड़ितों द्वारा थाने में दर्ज कराई गई शिकायतों के आधार पर पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत विशेष अभियान चलाया।
इस अभियान में आधुनिक तकनीक की मदद से मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस की गई। इसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीमों का गठन कर विभिन्न इलाकों में छापेमारी की गई। जिसमें करीब 50 मोबाइल फोन बरामद किए गए है।
गुम हुए मोबाइल धारकों द्वारा उपलब्ध कराए गए आवश्यक कागजातों के सत्यापन के बाद फिलहाल 25 लोगों को उनके मोबाइल फोन लौटा दिए गए हैं। शेष मोबाइल फोन के संबंध में भी जांच प्रक्रिया जारी है और जल्द ही उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया जाएगा।






