राँची। एचईसी के कर्मचारियों की समस्याओं पर छह यूनियनों की एक संयुक्त बैठक गुरुवार को हुई, जिसमें एचईसी को गंभीर स्थिति से बचाने और कर्मचारियों की लंबित मांगों को पूरा करने के लिए एचईसी संयुक्त मोर्चा का गठन किया गया। बैठक में शामिल यूनियन नेताओं ने कहा कि अब सिर्फ आश्वासन स्वीकार नहीं किया जाएगा और प्रबंधन एवं निदेशकों से सीधी बातचीत कर ठोस समाधान की मांग की जाएगी।
बैठक में मुख्य रूप से एचईसी मजदूर संघ बीएमएस के महामंत्री रमाशंकर प्रसाद, हटिया कामगार यूनियन (एटक) के प्रभारी महासचिव आरके. शाही, हटिया लोकमंच के सचिव बिमल महली, एचईसी श्रमिक कर्मचारी ली. यूनियन के महामंत्री प्रकाश कुमार, एचईसी श्रमिक यूनियन के अध्यक्ष शनि सिंह और जनता मजदूर यूनियन के महामंत्री एसजे मुखर्जी शामिल रहे। सभी नेताओं ने एलान किया कि वे ठोस कार्ययोजना बनाकर निदेशक मंडल के समक्ष अपनी मांगे रखेंगे। यूनियन नेताओं ने कहा कि वेतन भुगतान, प्रमोशन, बीपीएफ, एलआईसी कटौती, मूलभूत सुविधाएं और अन्य सामाजिक सुरक्षा लाभ जैसी मांगों पर वर्षों से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। सभी मुद्दों पर यूनियन एकजुट होकर निदेशकों से वार्ता करेंगे।






