हिजाब खींचने की घटना से आक्रोश, मांडर में नीतीश कुमार का पुतला दहन
मांडर : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश7 कुमार द्वारा एक मुस्लिम महिला आयुष डॉक्टर का हिजाब खींचे जाने की घटना को लेकर मांडर प्रखंड में मुस्लिम समाज के लोगों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन बुधवार शाम करीब 5 बजे मांडर प्रखंड के ब्राम्बे चौक पर किया गया, जहां प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि 15 दिसंबर को पटना में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मंच पर मौजूद मुस्लिम महिला आयुष डॉक्टर के चेहरे से हिजाब खींच दिया, जो न केवल महिला की गरिमा बल्कि उसकी धार्मिक आस्था और भावनाओं का भी खुला अपमान है। इस घटना के विरोध में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग ब्राम्बे चौक पर एकत्र हुए और “नीतीश कुमार मुर्दाबाद “मुस्लिम महिलाओं का अपमान बंद करो”
जैसे नारे लगाए।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मांग की कि मुख्यमंत्री इस घटना को लेकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और भविष्य में किसी भी महिला की धार्मिक पहचान और सम्मान के साथ इस तरह का व्यवहार न किया जाए।विरोध प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा के मद्देनज़र स्थानीय पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। हालांकि, पूरा प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।





