राजनगर में नाले से अज्ञात महिला का अर्धनग्न शव बरामद, पुलिस जांच ते
जमशेदपुर : राजनगर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब गेंगेरुली पंचायत अंतर्गत कुसुमबनी नाला से एक अज्ञात महिला का अर्धनग्न शव मिला। शव को देखकर स्थानीय लोग दहशत में आ गए और थोड़ी ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। सूचना मिलते ही राजनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाला से बाहर निकालकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने तत्काल पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी।
गुरुवार सुबह एसडीपीओ समीर सवैया और ट्रेनी डीएसपी पूजा कुमारी भी थाना पहुंचे और मामले की विस्तृत समीक्षा की। दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच टीम को सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि घटना संवेदनशील है, इसलिए किसी भी सुराग को नजरअंदाज न किया जाए।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टि में ऐसा प्रतीत होता है कि महिला की मौत पानी में डूबने से हुई है। हालांकि शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि घटना को करीब 8 से 10 दिन बीत चुके हैं। मृतका की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। घटनास्थल से एक साड़ी और हाथों में मिली चूड़ियों को जब्त कर पुलिस शिनाख्त की कोशिश कर रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच कई कोणों से की जा रही है और मृतका की पहचान होते ही जांच आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के वास्तविक कारणों पर और स्पष्टता आएगी। पुलिस ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि यदि हाल के दिनों में किसी महिला के लापता होने की जानकारी हो, तो तुरंत थाने को सूचित करें, ताकि जांच में तेजी लाई जा सके।





