रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर तक वाहनों से पहुंचने वाली मुख्य सड़क इस साल लगातार हुई बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गई है। गार्डवॉल ढह जाने से आधी सड़क धंस गई है और कई हिस्सों में दरारें पड़ गई हैं। इ जर्जर सड़क पर वाहनों का चलना न केवल मुश्किल हो गया है, बल्कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के िलए भी खतरा पैदा हो गया है। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्ग और महिला श्रद्धालुओं को हो रही है। कई लोग सड़क की खराब स्थिति के कारण मुख्य मंदिर तक नहीं पहुंच पा रहे और मजबूरन नीचे या बाहर से ही दर्शन कर वापस लौट जा रहे हैं।
जबकि, कई लोग वाहन दूर में खड़ा कर दूसरे रास्ते से सीढ़ियों से ऊपर चढ़कर दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, मंदिर तक पहुंचने के लिए पहले ही ऊंची सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं। इस रास्ते के बनने के बाद श्रद्धालु वाहन के जरिए मंदिर के मुख्य द्वार तक पहुंच जाते थे, लेकिन अब सड़क की स्थिति खराब होने के कारण इस रास्ते को मंदिर कमेटी ने अगस्त माह से ही बंद कर रखा है। मंदिर कमेटी का कहना है कि कोई दुर्घटना न हो इसलिए न इस रास्ते से आना-जाना बंद किया गया है।




