जमशेदपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अपराध की योजना बनाते तीन अपराधी गिरफ्तार
जमशेदपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अपराध की योजना बना रहे तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने अलग–अलग थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं से जुड़े सामान बरामद किए हैं।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गोविंदपुर थाना क्षेत्र के काली मंदिर के पास कुछ युवक किसी बड़ी आपराधिक वारदात की योजना बनाने के लिए जुटे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर सैय्यद अज़हर इमाम, मोहम्मद असदुल्लाह और समीर खान को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने इनके पास से
एक देसी कट्टा,
एक जिंदा गोली,
सोने–चांदी के आभूषण,
तथा 3,000 रुपये नकद बरामद किए हैं।
सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सैय्यद अज़हर इमाम एक वांछित अपराधी है, जिसके खिलाफ पूर्व में 11 मामले दर्ज हैं और वर्तमान में 5 मामलों में वह वांछित था।
फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।






