मोराबादी मैदान में झारखंड स्थापना दिवस पर चमका आसमान, भव्य ड्रोन शो ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध

मोराबादी मैदान में झारखंड स्थापना दिवस पर चमका आसमान, भव्य ड्रोन शो ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध

रांची। झारखंड स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर रांची के मोराबादी मैदान में शनिवार देर शाम आयोजित भव्य ड्रोन शो ने हजारों दर्शकों को आकर्षित किया। रोशनी, रंगों और तकनीक के अद्भुत संगम से सजे इस कार्यक्रम में राज्य की 25 वर्षों की विकास यात्रा, सांस्कृतिक पहचान और ऐतिहासिक संघर्ष को बेहद प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया गया।

ड्रोन शो की शुरुआत झारखंड के नक्शे की रोशनीदार आकृति से हुई, जिसने राज्य की भौगोलिक और ऐतिहासिक विरासत की झलक दिखाई। इसके बाद आसमान में भगवान बिरसा मुंडा की भव्य छवि उभरी। तीर, धनुष, तलवार और आदिवासी आंदोलन से जुड़े प्रतीकों को ड्रोन के माध्यम से प्रदर्शित किया गया, जिसे देखकर दर्शकों ने खड़े होकर तालियों से स्वागत किया।

शो का अगला आकर्षक चरण दीशोंम गुरू शिबू सोरेन को समर्पित रहा। 1944 में नेमरा में जन्म से लेकर झारखंड आंदोलन में उनकी भूमिका, राजनीतिक संघर्ष और सामाजिक योगदान को विशेष ड्रोन फॉर्मेशन और ग्राफिक प्रस्तुति के जरिए दर्शाया गया। इस दृश्य को देखने के बाद मैदान में मौजूद लोगों ने गर्व और उत्साह व्यक्त किया।

ड्रोन शो में झारखंड राज्य निर्माण की लंबी लड़ाई और 15 नवंबर 2000 के ऐतिहासिक क्षण को भी जीवंत किया गया। आंदोलन, संघर्ष और अलग राज्य बनने की पूरी यात्रा को आसमान में सजीव आकृतियों के माध्यम से दिखाया गया। इसके साथ ही राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति, लोकगीतों और 25 वर्षों की उपलब्धियों को विशेष दृश्य प्रभावों में शामिल किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर ड्रोन ने आसमान में झारखंड सरकार का आधिकारिक लोगो, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की छवि, तथा “जोहार” और “झारखंड 25” का संदेश रोशनी के माध्यम से प्रदर्शित किया, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

यह ड्रोन शो केवल एक तकनीकी प्रदर्शन नहीं, बल्कि झारखंड की आत्मा—उसकी संस्कृति, इतिहास और प्रगति का भव्य उत्सव रहा।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

दिनांक 18.06.2026 को वरीय पुलिस अधीक्षक महोदय, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि उलीडीह ओ.पी. अंतर्गत डिमना चौक के पास एक व्यक्ति अवैध आग्नेयास्त्र के साथ ब्लू रंग की R15 मोटरसाइकिल पर घूम रहा है तथा किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है।